राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मेजर ध्यानचंद जयंती पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन

रामपुर। राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर (उ.प्र.) में क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “फिट इंडिया मिशन” की थीम एक घंटा खेल के मैदान में – 2025 पर आधारित विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सैयद मोहम्मद अरशद रिज़वी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक और उपयोगी हैं। खेलों से हम न केवल स्वस्थ रह सकते हैं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जैसे गुण भी सीखते हैं। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

आज आयोजित प्रतियोगिताओं में शिक्षक वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार राय विजेता और रसायन विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रमोद कुमार उपविजेता रहे। छात्र वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुमित कुमार (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि आदित्य (बी.कॉम प्रथम सेमेस्टर) उपविजेता बने। छात्रा वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता में दिव्या (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) विजेता और कामिनी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) उपविजेता रहीं।

शतरंज प्रतियोगिता में भी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें छात्र वर्ग से प्रियांश संख्यधर (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) विजेता बने, वहीं छात्रा वर्ग में सान्या श्रीवास्तव (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. मुजाहिद अली ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया तथा खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। शतरंज प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. अमीनुद्दीन अंसारी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र एवं छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.