राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर में हिन्दी सप्ताह समारोह के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित
रामपुर। राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर में प्राचार्य प्रो. डॉ. जागृति मदान धींगड़ा के निर्देशन तथा डॉ. राजेश कुमार के संयोजन में राजभाषा हिन्दी परिषद (हिन्दी विभाग) द्वारा “विकसित भारत : भाषा एवं साहित्य की भूमिका” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में मनीषा, मुनज़्ज़ा, अमृता राय, मानसी, संजना, आरुही राज, महक ठाकुर, सान्या श्रीवास्तव, प्रशांत भूषण शर्मा, गरिमा, भूरा कुमार, शीतल कुमारी, शाज़िया, नाज़िया, नुशरा और आलिया समेत अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मण्डल की वरिष्ठ सदस्य प्रो. डॉ. कुसुम लता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “राष्ट्रहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों का अपना दृष्टिकोण होना चाहिए और उसे समयानुकूल व्यक्त करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। आज की प्रतियोगिता विद्यार्थियों की यही जागरूकता दर्शाती है।”
निर्णायक मण्डल के सदस्य प्रो. डॉ. जहाँगीर अहमद ने कहा कि “विद्यार्थियों का अभिव्यक्ति-कौशल देखकर संतोष मिलता है। यह उच्च शिक्षा के स्तर की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अरुण कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अब्दुल लतीफ़ और डॉ. इरम नईम ने भी विद्यार्थियों को प्रभावशाली भाषण-कौशल के लिए मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का संयोजन, संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेश कुमार ने किया। इसमें विभाग के शोध अध्येता मसरूफ रज़ा, देवेंद्र कुमार और फूलजहाँ का विशेष सहयोग रहा।
