बीआरडी कॉलेज दुद्धी में ओजोन दिवस पर भाषण प्रतियोगिता व संगोष्ठी आयोजित

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार

सोनभद्र (दुद्धी)। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय दुद्धी के प्राणी विज्ञान विभाग में मंगलवार 16 सितंबर 2025 को ओजोन दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने की। इस अवसर पर कुल 20 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणाम में मनीषा (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर) और अखिलेश (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। संगीता (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर) और सिम्मी अग्रहरि (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) द्वितीय स्थान पर रही, जबकि पूजा यादव (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर) और शिवम (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) को तृतीय स्थान मिला।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने ओजोन परत के संरक्षण की आवश्यकता और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ता मिथिलेश कुमार गौतम ने ओजोन परत को पृथ्वी का सुरक्षा कवच बताते हुए मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल को ऐतिहासिक पहल कहा। डॉ. राजेश भारती ने बताया कि 16 सितंबर 1987 को मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए गए थे और उसी स्मृति में प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है।
डॉ. अजय कुमार ने कहा कि ओजोन संरक्षण केवल वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिबद्धता का भी विषय है, जबकि डॉ. राजेश यादव ने इसे आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया और हरित उद्योगों में निवेश पर बल दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित ओजोन परत ही स्वस्थ समाज का आधार है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर डॉ. विवेकानंद, डॉ. सचिन कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अंकित, डॉ. गीता, डॉ. प्रियंका जायसवाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। संचालन विभागीय सहयोगी मृत्युंजय यादव, सुरेश चंद्र, शाहबाज खां और संतोष सिंह ने किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.