मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरीब-कल्याणकारी सोच जब ज़मीनी स्तर पर सशक्त प्रशासनिक इच्छाशक्ति से जुड़ती है, तो सरकारी योजनाएं काग़ज़ों से निकलकर लोगों की ज़िंदगी संवारने लगती हैं। इसका जीवंत उदाहरण आज रामपुर में देखने को मिल रहा है, जहां जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी राहत केंद्र बनकर उभरा है।
रामपुर जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल ने साबित कर दिया है कि यदि प्रशासन संवेदनशील हो, तो योजनाएं न सिर्फ़ समय पर पहुंचती हैं, बल्कि ज़िंदगियां भी बचाती हैं। जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में जनता दर्शन को एक प्रभावी समाधान मंच का रूप दिया गया है, जहां फरियादियों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल राहत मिल रही है।
जनता दर्शन: शिकायत नहीं, समाधान का केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित होने वाला जनता दर्शन अब पीड़ितों के लिए उम्मीद की किरण बन चुका है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे, गरीबी में जीवन गुजार रहे और वर्षों से सरकारी योजनाओं से वंचित लोग जब यहां पहुंचते हैं, तो उन्हें मौके पर ही समाधान मिलता है।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय में जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा फरियादियों की स्वास्थ्य जांच की जाती है। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है। पात्र पाए जाने पर मात्र 7 दिनों के भीतर अंत्योदय राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जारी कर दिए जाते हैं। कई मामलों में यह प्रक्रिया 3 से 4 दिन में ही पूरी हो रही है।
इलाज, राशन और आवास—सब एक ही मंच से
इस पहल के तहत केवल आयुष्मान कार्ड बनाकर इलाज की सुविधा ही नहीं दी जा रही, बल्कि पात्र परिवारों को राशन कार्ड, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। कैंसर, किडनी, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग, जो वर्षों से इलाज के अभाव में टूट चुके थे, आज आयुष्मान कार्ड हाथ में लेकर राहत की सांस ले रहे हैं।
तीन माह में बने 90 अंत्योदय और 147 आयुष्मान कार्ड
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2011 की सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC) सूची में नाम न होने के कारण जो पात्र परिवार योजनाओं से वंचित रह गए थे, उनकी नियमानुसार जांच कर तत्काल अंत्योदय कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
पिछले महज तीन महीनों में 90 अंत्योदय कार्ड और 147 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, और रामपुर प्रशासन इसी लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है।
योगी सरकार का विजन, प्रशासन की तत्परता
रामपुर में लागू यह मॉडल योगी सरकार की दूरदर्शी सोच और प्रशासनिक सक्रियता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इलाज, भोजन और सम्मानजनक जीवन से वंचित न रहे।
लाभार्थियों की जुबानी
मोहम्मद चमन, फरियादी ने कहा,
“मैं गंभीर बीमारी से पीड़ित हूं और इलाज के लिए पैसे नहीं थे। जनता दर्शन में आने पर डीएम साहब ने मेरी समस्या सुनी और अंत्योदय व आयुष्मान कार्ड बनवाया। आज मेरा इलाज चल रहा है। योगी सरकार और रामपुर प्रशासन का दिल से धन्यवाद।”
रेशमा परवीन, फरियादी ने कहा,
“हमने कभी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी मदद मिलेगी। आज हमें विश्वास हो गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमारे लिए अभिभावक की तरह हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से हमें बड़ी राहत मिली है।”
महेंद्र सिंह, फरियादी ने कहा,
“योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हमें मिला है। रामपुर जिलाधिकारी ने पूरी ईमानदारी से मदद की। इसके लिए हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन के आभारी हैं।”
रामपुर में जनता दर्शन की यह पहल न केवल एक प्रशासनिक सफलता है, बल्कि यह साबित करती है कि अगर नीयत साफ हो, तो शासन व्यवस्था वास्तव में आमजन के जीवन में बदलाव ला सकती है।
khabre junction
