ऐलनाबाद, सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने उपनिरीक्षक पद से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए दो पुलिसकर्मियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि स्टार लगने के साथ ही जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। इसलिए और अधिक मेहनत, निष्ठा एवं लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है, इसलिए सेवा, सुरक्षा और सहयोग को अपना परम दायित्व मानते हुए विभाग की बेहतर छवि के लिए कार्य करें।
एसपी ने निर्देश दिए कि जहां भी ड्यूटी लगे, वहां के लोगों से मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करें, सहयोग प्राप्त करें और अपनी उपस्थिति हमेशा सकारात्मक बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के बाद अपेक्षित है कि पुलिस अधिकारी अपने कार्यों से विभाग का गौरव बढ़ाएं।
पदोन्नत होने वाले पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर रामचंद्र एवं सब इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह शामिल हैं। दोनों ने खुशी जाहिर करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिठाई बांटी और शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि प्रत्येक पुलिस कर्मी को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए समाज में पुलिस की बेहतर छवि स्थापित करनी चाहिए।
