- रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार
सोनभद्र। विंढमगंज क्षेत्र में ट्रेन के ठहराव और संचालन की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। स्थानीय गांधी पार्क में लगभग 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण काले झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर एकत्र हुए। “ट्रेन रुकेगी जब, मतदान होगा तब” जैसे नारों के साथ ग्रामीण सुभाष तिराहा से वीआईपी गली और खानी मार्केट होते हुए गांधी पार्क पहुंचे, जहां जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते लगभग तीन वर्षों से क्षेत्र के दर्जनों ग्राम पंचायतों के लोग रेलवे स्टेशन पर रांची–चोपन एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव तथा त्रिवेणी एक्सप्रेस के संचालन की मांग करते आ रहे हैं। इस संबंध में सांसद, विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष सहित रेल मंत्रालय के अधिकारियों को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल महामंत्री विकास कुमार जायसवाल उर्फ टिंकू जायसवाल ने कहा कि इस रूट से झारखंड की राजधानी रांची और प्रदेश की राजधानी लखनऊ जाने वाली ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन ठहराव न होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लगातार अनदेखी से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि जब तक ट्रेन का ठहराव और संचालन नहीं होगा, तब तक आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारी सुजित कुमार, रामचंद्र जायसवाल, मुर्तुजा अंसारी, मुकेश कुमार केसरी और दीपक गुप्ता ने भी रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामने से ट्रेन गुजरने के बावजूद स्टेशन पर ठहराव न होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में अशोक जायसवाल, अनीश, मुन्नू, डॉक्टर राज कपूर सिंह, प्रेमचंद उपाध्याय, शशिकांत तिवारी, दीपू जायसवाल, दीप रतन गुप्ता, गोरख प्रजापति, आकाश जायसवाल, रामानंद सागर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
