- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। महिला सशक्तिकरण, साइबर जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत थाना चोपन क्षेत्र के सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, डाला में शनिवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ० चारु द्विवेदी के नेतृत्व में किया गया।
विद्यालय पहुँचने पर पुलिस अधीक्षक का स्वागत प्रधानाचार्य द्वारा पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर किया गया। तत्पश्चात डॉ० चारु द्विवेदी के नेतृत्व में “Run for Empowerment” का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने फीता काटकर की। महिला सशक्तिकरण और जनजागरूकता का संदेश देने के लिए वे स्वयं भी छात्राओं के साथ दौड़े।
दौड़ के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और उनके महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि — “महिला स्वयं एक शक्ति है, बस आवश्यकता है अपने अधिकारों की जानकारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की।” क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर मार्गदर्शन दिया।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सवानी पुत्री रामनारायण सिंह, द्वितीय सान्वी पुत्री कृपाशंकर तथा तृतीय अल्का पुत्री विजय ने प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक ने विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक मो0 नदीम, प्रभारी निरीक्षक चोपन श्री कुमुद शेखर सिंह, चौकी प्रभारी डाला श्री आशीष कुमार पटेल, मिशन शक्ति टीम, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
