- रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। प्रीमियम लीग सीजन एक के तहत आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बीजपुर पुलिस और बीजपुर प्रेस क्लब के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला सौहार्दपूर्ण माहौल में खेला गया। मैच से पहले आयोजक मंडल के धनंजय शर्मा, प्रमोद कुमार गुप्ता, निशु जायसवाल समेत अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों व अतिथियों—अरविंद सिंह, बद्री नाथ, सुरेन्द्र अग्रहरि, सीताराम शर्मा आदि का माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। टॉस में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बाजी मारते हुए पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और पुलिस टीम ने 5 ओवर में 47 रन बनाकर 5 विकेट गंवाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीजपुर प्रेस क्लब की टीम 5 ओवर में 45 रन ही बना सकी और 3 विकेट गंवाए, जिससे बीजपुर पुलिस टीम 2 रन से विजेता बनी। मैच के बाद आयोजक प्रमोद गुप्ता (हंसिका ऑटो सेल्स) की ओर से विजेता कप्तान राजेश सिंह और उपविजेता कप्तान संजय अग्रवाल को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रधान आरक्षी संतोष कुमार, आरक्षी अमित कुमार, रविन्द्र श्रीवास्तव, राम जियावन और संदीप राय को भी पुरस्कृत किया गया। मुकाबले के दौरान मैदान दर्शकों से भरा रहा, जबकि निर्णायक की भूमिका अभिमन्यु जायसवाल और मुकेश पाल ने निभाई तथा उद्घोषणा धनंजय शर्मा ने की।
