सोनभद्र: दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग पर कचहरी गेट पर गूंजे नारे, अधिवक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार

सोनभद्र (दुद्धी)। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दुद्धी को जिला घोषित करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं व दुद्धी जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग कई दशकों से लंबित है। समिति अब तक 30 घंटे का आमरण अनशन, 20 किलोमीटर की पदयात्रा और कई चरणों के धरना-प्रदर्शन कर चुकी है। उनका कहना है कि दुद्धी सभी प्रशासनिक मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को काफी राजस्व की प्राप्ति भी होती है, बावजूद इसके अब तक जिले का दर्जा नहीं दिया गया है। मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश के कई मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने दुद्धी को जिला बनाने का चुनावी वादा किया था, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार को अब अपने वादे निभाते हुए दुद्धी को जिला घोषित कर विकास की राह खोलनी चाहिए।
प्रदर्शन में बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेमचन्द्र यादव, रामपाल जौहरी, रामजी पांडेय, सत्यनारायण यादव, छोटेलाल गुप्ता, राकेश कुमार, अमरावती देवी, आशीष कुमार, कृष्णा कुमार, श्रीकांत, ममता मौर्या, रजनीश, सन्नो बनो, उमेश गुप्ता, प्रेमचन्द्र गुप्ता, राजेन्द्र चंद्रवंशी, विनय कुमार, राकेश अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ व मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे। कचहरी परिसर नारेबाजी और जोशिले नारों से गूंज उठा, माहौल पूरी तरह आंदोलनी रंग में नजर आया। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.