- रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। औषधि निरीक्षक की टीम ने सोमवार को रॉबर्ट्सगंज के केशरी मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई जिलाधिकारी सोनभद्र और मिर्जापुर के सहायक आयुक्त औषधि के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान स्टोर संचालक कुछ दवाओं के खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर औषधि निरीक्षक ने रिपोर्ट तैयार कर मिर्जापुर मंडल को भेज दी। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाइयों का विक्रय केवल चिकित्सक की पर्ची पर ही किया जाए और लेन-देन का पूरा हिसाब सुरक्षित रखा जाए। जांच में तीन दवाओं को संदिग्ध मानते हुए उनके नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते माह छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी थी। जांच में यह बात सामने आई थी कि इनकी आपूर्ति रॉबर्ट्सगंज स्थित इसी मेडिकल स्टोर के जरिये होती थी। उस दौरान स्टोर मालिक के परिवार के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसी प्रकरण को देखते हुए सोमवार को यह कार्रवाई की गई।
