- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र (घोरावल)। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को तहसील सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों का विलय कर भारत की अखंडता को साकार किया। आज भारत एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र के रूप में खड़ा है, जिसका श्रेय सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प को जाता है। गुजरात स्थित सरदार सरोवर बांध के निकट ‘स्टैचू ऑफ यूनिटी’ उनके प्रति देश की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। सरदार पटेल देश के प्रथम गृहमंत्री के रूप में सदैव याद किए जाते हैं, जिन्होंने न केवल प्रशासनिक एकता स्थापित की बल्कि लोगों के दिलों में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव भी जगाया। कार्यक्रम में तहसील के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
