- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज क्षेत्र के गोरडीहा गांव में एक ही रात दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं दोनों परिवारों के बीच पहले से चल रहे विवाद को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत पुलिस तक भी पहुंची थी। पुलिस द्वारा समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। इसी बीच देर रात दोनों युवकों की रहस्यमयी मौत हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं और एक-दूसरे पर हत्या के आरोप लगा रहे हैं। एक पक्ष का कहना है कि मृतकों में से एक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं, जिससे साजिश की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
