रामपुर में मिशन शक्ति फेस-5.0 के तहत चला जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी

रामपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए जनपद में मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों एवं जनपदस्तरीय टीम द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को जागरूक किया गया।

थाना-स्तरीय टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों, शॉपिंग मॉल, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। इस दौरान आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकार और नारी सम्मान से संबंधित प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अभियान के तहत महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की उपयोगिता और कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया। साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी समस्याओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई, ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों को बेहतर ढंग से समझ सकें और जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग कर सकें।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें हर परिस्थिति में सुरक्षित रहने के लिए सक्षम बनाना है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.