सोनभद्र: आईजीआरएस पोर्टल पर लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, अधिकारियों से स्पष्टीकरण व प्रतिकूल प्रविष्टि, कई को चेतावनी
- रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जनसुनवाई समाधान पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने पाया कि कई विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं। न तो वे स्थलीय भ्रमण कर रहे हैं और न ही शिकायतकर्ताओं से सम्पर्क साध रहे हैं, जिसके कारण पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बीडीओ म्योरपुर, खण्ड शिक्षा अधिकारी चोपन, नगवां, म्योरपुर तथा सीएचसी प्रभारी नगवां और घोरावल से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी घोरावल, दुद्धी, करमा व चतरा को असंतुष्ट फीडबैक पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिये गये।
इसी प्रकार शिकायतों के निस्तारण में सही आख्या अपलोड न करने, स्थलीय सत्यापन न करने और समय से कार्रवाई न करने पर जिलाधिकारी ने डीएफओ रॉबर्ट्सगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सोनभद्र और सभी अधिशासी अभियन्ताओं को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का त्वरित व गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि अधिकारी शिकायतकर्ता से सीधे सम्पर्क कर उनका फीडबैक प्राप्त करें और निस्तारण के दौरान स्थल का जीपीएस फोटोग्राफ अपलोड करना अनिवार्य करें। साथ ही अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल लॉगिन कर प्राप्त शिकायतों की जानकारी लेकर समय से निस्तारण करने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन अंसारी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।
