सोनभद्र: पशुओं से भरा डीसीएम बरामद, छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ रघुराज सिंह

बीजपुर (सोनभद्र)। छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाने की पुलिस को पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पशुओं से लदे एक डीसीएम वाहन का कई किलोमीटर तक पीछा किया। कोहरे और दबाव की स्थिति का फायदा उठाकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने डीसीएम को बीजपुर थाना क्षेत्र के इंजानी–पिपरहर मोड़ के पास धर दबोचा। बताया गया कि मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक डीसीएम में भैंस लादकर उन्हें छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। इसी सूचना पर छत्तीसगढ़ की भ्रमणशील पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए तस्कर महुअरिया मार्ग से होते हुए बीजपुर की ओर भागे, लेकिन खुद को घिरता देख पिपरहर मोड़ पर डीसीएम खड़ा कर चालक सहित सभी लोग मौके से फरार हो गए। उच्चाधिकारियों के आपसी समन्वय और वार्ता के बाद बीजपुर पुलिस ने बरामद डीसीएम वाहन छत्तीसगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बसंतपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी के अनुसार, डीसीएम में लदी कुल 17 भैंसों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में भी जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.