- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
- सोनभद्र। मोथा चक्रवात के चलते जनपद में हुई भारी वर्षा और तेज़ हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में लहलहाती फसलें बारिश और तूफ़ान से चौपट हो गईं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसानों के नुकसान का त्वरित सर्वे कराकर राहत राशि जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने किसानों की सालभर की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया है। जो फसलें उनके लिए वरदान थीं, अब अभिशाप बन गई हैं।
डॉ. तिवारी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि प्रशासन को तुरंत फसलों का क्षति मूल्यांकन कराकर मुआवजा तय करना चाहिए, ताकि किसानों को इस विपत्ति की घड़ी में राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में किसान अपनी पूरी पूंजी और श्रम के बावजूद खाली हाथ रह गए हैं, ऐसे में सरकार को उनकी मदद के लिए आगे आना होगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि अन्नदाता किसान देश की रीढ़ हैं, और जब वह संकट में हो, तो शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और हर प्रभावित किसान तक आर्थिक सहायता शीघ्र पहुँचाई जाए।
Khabre Junction (खबरें जंक्शन) is an emerging channel of the country. Where we introduce .. every news of your state and city. You will also be able to enjoy breaking news, politics, sports and entertainment related to the public interest of the country and the world here.
