सोनभद्र : निर्माण में घोटाला या मौत का इंतज़ाम, बच्चों की जान से खिलवाड़ का बड़ा आरोप

  • अजीत पाण्डेय संवाददाता

बभनी (सोनभद्र)। विकास खंड के घघरी ग्राम पंचायत के सहगोड़ा टोला में निर्माणाधीन सरकारी हाई स्कूल में संविदाकार पर भारी अनियमितता बरतने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार यूपीसीएल के करोड़ों के बजट से बन रहे इस विद्यालय में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। घघरी निवासी राजेश कुमार, पंकज कुमार, अजय भारती, शिवकुमार भारती, रामखेलावन, राम रूप, रामस्वरूप, सोमनाथ, वंश बहादुर, श्याम सुंदर शुक्ला ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य वाराणसी के एक संविदाकार के माध्यम से कराया जा रहा है, लेकिन मौके पर कार्यदाई संस्था और परियोजना का कोई बोर्ड तक नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय निर्माण में कालम, फाउंडेशन, सीमेंट, सरिया और बालू सभी मानकों के विपरीत इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इसी तरह निर्माण होता रहा तो भवन एक-दो वर्षों में ही ढह सकता है, जिससे बड़ी घटना होने की आशंका है। आरोप है कि संबंधित अधिकारी निरीक्षण नहीं कर रहे, जिससे संविदाकार मनमानी कर रहा है। इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने जांच के आदेश दे दिए है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.