सोनभद्र: मैहर दर्शन से लौटते समय बोलेरो पलटी, दो श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, आठ घायल

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/वीरेंद्र कुमार

सोनभद्र (विंढमगंज)।;मां शारदा देवी मंदिर मैहर दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो रविवार दोपहर अमरपाटन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में जोरूखाड निवासी भोलाराम (60 वर्ष) पुत्र बद्रीराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार आठ अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो चालक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार रामबली केवट (60 वर्ष) निवासी जिन्नाताला थाना की भी मौके पर मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बैठे रामलखन केवट और रामलाला केवट (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में अशोक कुमार, निर्मला देवी, पूनम देवी सहित कई श्रद्धालु शामिल हैं। सभी को अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस और 112 डायल टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो को क्रेन की मदद से हटाया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही विंढमगंज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक भोलाराम के घर पर कोहराम मच गया है। परिजन रो-रो कर बेसुध हैं। बताया जा रहा है कि वे अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

मौके पर ग्राम प्रधान विमल यादव, पूर्व प्रधान मुन्नालाल गौतम, राजेश रावत, अमरेश भारती, सुभाष भारती, दीपक कुमार, सरजू प्रसाद, सुनील कुमार, ओम रावत, अनिल भारती, नंदलाल भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.