- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के विकास खण्ड घोरावल स्थित प्राथमिक विद्यालय हिरनखुड़ी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर ग्राम प्रधान सियाराम यादव, जनकधारी सर एवं विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मौर्य द्वारा पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
शिक्षा चौपाल का उद्देश्य निपुण भारत मिशन के तहत जनमानस की सक्रिय सहभागिता बढ़ाना तथा अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों व समुदाय को बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। चौपाल के माध्यम से निरंतर संवाद स्थापित करते हुए इन दक्षताओं की दैनिक जीवन में उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी गई। अभिभावकों व ग्राम प्रधान ने विद्यालय में उपलब्ध शिक्षण सामग्री, गणित किट और पुस्तकालय का अवलोकन किया। मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने व जनभागीदारी सुदृढ़ करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
