सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत 89 जगहों पर दबिश, हत्या आरोपी सहित नौ गिरफ्तार

23 ग्राम हेरोइन, 1090 नशीली गोलियां, अवैध पिस्तौल-कारतूस और जुआ राशि बरामद

ऐलनाबाद/सिरसा ( एम पी भार्गव )। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक चल रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में 89 स्थानों पर सर्च अभियान चलाकर हत्या आरोपी सहित कुल नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 23 ग्राम से अधिक हेरोइन, 1090 नशीली गोलियां, एक अवैध पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और 1280 रुपये जुआ राशि बरामद की है।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने परमार्थ कॉलोनी सिरसा में दबिश देकर ओमप्रकाश उर्फ धौलू को 10 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया। वहीं नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र में एबीवीटी पुलिस स्टाफ ने दो युवकों—रुपेश कुमार और विक्रम सिंह को क्रमशः 6.99 ग्राम और 7.98 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा, सीआईए सिरसा पुलिस ने गांव झोरड़ नाली के नजदीक एक युवक हरवंश लाल को 32 बोर की अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यातायात थाना प्रभारी ने वाहन जांच के दौरान ऋषि निवासी ई-ब्लॉक सिरसा की कार से 1090 नशीली गोलियां बरामद की, जिन्हें आगे की कार्रवाई हेतु ड्रग्स कंट्रोल विभाग को सौंप दिया गया। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने वाटर वर्क्स के पास सट्टा खाईवाली करते नंद लाल को 1280 रुपये की जुआ राशि सहित गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सर्दी के मद्देनज़र पुलिस टीमें रात में बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही हैं। अब तक 63 जरूरतमंद लोगों की पहचान कर जिला प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से कंबल और भोजन-पानी की व्यवस्था कराई गई है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी, जुआ, अवैध हथियारों और बदमाश तत्वों पर कड़ा अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाना है। इसी क्रम में 23 लोगों को 172 बीएनएसएस के तहत पाबंद भी किया गया है।

एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया—अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, सिरसा पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.