“ऑपरेशन ट्रैकडाउन” में सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 15 लाख की अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

ऐलनाबाद, 23 नवंबर (एम.पी. भार्गव)।सिरसा पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए सिरसा और सीआईए ऐलनाबाद की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य की 5 किलो 601 ग्राम अफीम बरामद की और तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
 संदिग्धों को रोकते ही भागने लगे युवक
इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में सीआईए ऐलनाबाद की टीम जब गांव मल्लेकां से सिरसा की ओर जा रही थी, तभी सड़क किनारे प्लास्टिक बैग लिए दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही उन युवकों ने भागने का प्रयास किया।
शक के आधार पर दोनों को काबू कर जब राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, तो—

सुनील कुमार (निवासी मल्लेकां) के पास से 2 किलो 746 ग्राम अफीम

लखविंदर सिंह उर्फ छिंदा (निवासी मल्लेकां) के पास से 200 ग्राम अफीम

बरामद हुई।
एक अन्य आरोपी भी काबू
दूसरी कार्रवाई में सीआईए सिरसा प्रभारी एसआई सुखजीत सिंह की टीम ने भी गांव मल्लेकां में एक युवक को प्लास्टिक बैग सहित संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
तलाशी में उसके पास से 2 किलो 655 ग्राम अफीम मिली।
पंजाब-राजस्थान से लाते थे अफीम
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह अफीम पंजाब और राजस्थान से लाकर सिरसा, ऐलनाबाद और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले थे।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जा सके।
एसपी सहारन ने कहा—
“नशा तस्करों का सिरसा से पूरी तरह सफाया करना हमारी पहली प्राथमिकता है। ऐसे अपराधियों की जगह केवल जेल में है। जनता निसंकोच होकर नशा तस्करी की सूचना पुलिस को दें।”
सिरसा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के नेटवर्क पर तगड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.