नशा खत्म करने की मुहिम निरंतर जारी: ऐलनाबाद पुलिस द्वारा 48 बोतल व 400 पव्वे अवैध शराब सहित आरोपी काबू
Ellanabad, 17 अगस्त ( एम पी भार्गव ): अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 48 बोतल और 400 पव्वे देशी शराब सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से शराब बेचने वाले खुर्दा संचालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने बंद गली, गुरु नानक नगरी सिरसा क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी प्रिंस कुमार पुत्र सुरेश कुमार को काबू कर उसके कब्जे से 48 बोतल तथा 400 पव्वे देशी शराब बरामद की।सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब की बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब की बिक्री करने वाले लोगों के नेटवर्क को तोड़ना और जिले में शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उनके आसपास यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
