उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड बरकरार, कई राज्यों में बारिश, कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

जनवरी का महीना खत्म होने को है, लेकिन उत्तर भारत में सर्दी का असर और तेज होता जा रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

राजधानी और आसपास के राज्यों में बढ़ी ठंड

दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हर दिन कहीं न कहीं बारिश हो रही है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं से सर्दी और बढ़ जाती है। हालांकि बारिश के तुरंत बाद प्रदूषण का स्तर कुछ कम होता है, लेकिन ठंड बढ़ने और कोहरे के चलते एक बार फिर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब हो रहा है।

कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 31 जनवरी की शाम तक मौसम आमतौर पर सूखा और बादल छाए रहने की उम्मीद है। 1 और 2 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 3 से 6 फरवरी के बीच मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

एनसीआर में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। न्यूनतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और देर रात घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 7 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
1 फरवरी के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तापमान 18 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पांच राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में 31 जनवरी को जबकि 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार से राजस्थान तक घना कोहरा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार के कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन रात के समय ठंड और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के करीब 15 जिलों में कोहरे का असर देखा जा सकता है। तेज हवाओं के कारण ठंडक अधिक महसूस होगी।

उत्तराखंड में कोहरा और हिमस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के पांच प्रमुख शहरों में सुबह घना कोहरा छाने की आशंका है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में हल्की धुंध रह सकती है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ठंड, कोहरे और खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.