ईरान-इजरायल तनाव के बीच पाकिस्तान को झटका, ईरान ने जहाज को होर्मुज से लौटाया

तेहरान/इस्लामाबाद। ईरान-इजरायल के बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। ईरान ने पाकिस्तान के एक कंटेनर जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं दी और उसे वापस लौटा दिया।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने ‘सेलेन’ (SELEN) नामक जहाज को रोकते हुए कहा कि उसने जरूरी नियमों का पालन नहीं किया था। IRGC नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसिरी ने बताया कि जहाज को कानूनी प्रावधानों का पालन न करने और आवश्यक अनुमति न होने के कारण वापस भेजा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने के लिए ईरान के समुद्री प्राधिकरण के साथ समन्वय अनिवार्य है। इस कदम को होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की मजबूत पकड़ के रूप में देखा जा रहा है।

शिपिंग डेटा के अनुसार, ‘सेलेन’ जहाज फारस की खाड़ी में देखा गया था और वह कराची की ओर जा रहा था। यह जहाज सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और इसमें खाद्य सामग्री होने की संभावना जताई जा रही है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब पाकिस्तान एक ओर ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है। हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों देशों के बीच वार्ता की मेजबानी करने की पेशकश भी की थी। ऐसे में ईरान का यह कदम पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक झटका माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.