लखीसराय(सरफराज आलम)भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता निशांत कुमार पर ग्रामीण क्षेत्रों में कथित अवैध वसूली और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला पदाधिकारी, लखीसराय को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चानन और लखीसराय के ग्रामीण इलाकों में छापेमारी के नाम पर टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान ग्रामीणों को भयभीत कर अनावश्यक आर्थिक दंड वसूले जाने की शिकायतें मिल रही हैं। कुछ स्थानों पर महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने की भी बात कही गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद से हटाया जाए। साथ ही अब तक की गई छापेमारी और वसूली की समीक्षा कर, यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।
