स्कूल वाहनों को रखें मानकों के अनुरूप – अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), बदायूं

बदायूं।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शासन के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशानुसार मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं परिवहन प्रबंधक उपस्थित रहे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा विद्यालयों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा जारी अधिसूचना में दिए गए सुरक्षा निर्देशों का अभी तक कई विद्यालयों द्वारा पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। सभी विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि स्कूल वाहनों से संबंधित समस्त मानकों और निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा स्कूल स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय द्वारा बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया, नियमों का पालन नहीं किया गया या किसी प्रकार की दुर्घटना घटित होती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित स्कूल संचालक अथवा प्रबंधक की होगी।

बैठक के दौरान हरिओम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने विद्यालय यान नियमावली के निर्धारित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई मामलों में वाहन चालकों द्वारा निर्धारित वर्दी नहीं पहनी जा रही है तथा चालकों का चरित्र सत्यापन समय पर नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वाहन चालकों का समयबद्ध रूप से चरित्र सत्यापन कराया जाए और जो स्कूल वाहन अस्वस्थ, चलने योग्य नहीं या निष्प्रयोज्य अवस्था में हैं, उन्हें तत्काल निष्प्रयोज्य घोषित कर पोर्टल से हटाया जाए।

बैठक में शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.