फरीदाबाद में स्वच्छता को मिलेगी रफ्तार, विपुल गोयल ने सफाई निरीक्षकों को बांटी 31 स्कूटियां

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) द्वारा एक अहम पहल की गई। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सफाई निरीक्षकों (दरोगाओं) को 31 नई स्कूटियों का वितरण किया।

यह कार्यक्रम मंत्री के कार्यालय पर आयोजित हुआ, जिसमें नगर निगम की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी सहित कई अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक गतिशील बनाने में मददगार साबित होगी।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि सफाई दरोगाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने से वे अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर निगरानी रख सकेंगे, जिससे कार्य की दक्षता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सफाई कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसे प्राथमिकता से दूर किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें आधुनिक संसाधनों से लैस करना आवश्यक है। इस पहल से नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को नई गति और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल के एक कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर विपुल गोयल ने कहा कि वे उनके निजी मित्र हैं और व्यक्तिगत संबंधों के चलते कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.