लखीसराय में संध्या अर्घ्य शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न,डीएम मिथिलेश मिश्र तथा एसपी अजय कुमार की व्यवस्था की चारों ओर सराहना
- रिपोर्ट- सरफराज आलम
लखीसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ का संध्या अर्घ्य सोमवार की शाम लखीसराय नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। सूर्यनारायण घाट, महावीर स्थान घाट, पथला घाट, किऊल नदी तट सहित अन्य सभी घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे शहर में भक्ति और अनुशासन का अनोखा संगम देखने को मिला।
घाटों पर प्रशासन द्वारा की गई साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र तथा एसपी अजय कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने इस बार छठ पर्व को लेकर सराहनीय तैयारी की थी। घाटों के पूर्व निरीक्षण, गोताखोरों की तैनाती, महिला पुलिस बल की मौजूदगी और यातायात नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
इस बार घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर रही। जिला प्रशासन की सक्रियता ने पूरे आयोजन को सुरक्षित और सहज बना दिया।प्रशासन ने जिस तरह लाइटिंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की, वह प्रशंसनीय है। श्रद्धालुओं के लिए हर सुविधा मौजूद रही।डीएम मिथिलेश मिश्र ने खुद कई बार घाटों का निरीक्षण किया, जिसकी वजह से श्रद्धालुओं में भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ा है।लोगों की माने लखीसराय में इस बार छठ पर्व का दृश्य अविस्मरणीय रहा। प्रशासन की तत्परता और समर्पण ने इस पर्व को और भी खास बना दिया।”
पूरे नगर क्षेत्र में पुलिस बल, सिविल डिफेंस और स्थानीय स्वयंसेवकों की तैनाती रही। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के प्रति आभार जताया और कहा कि इसी तरह की समन्वित व्यवस्था लखीसराय की पहचान बन चुकी है।
अब मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का यह महापर्व संपन्न होगा।
