पुलिस शहीदी सप्ताह के तहत सिरसा के संस्कृति मॉडल स्कुल मे किया दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन
विजेताओं को किया गया सम्मानित, युवाओं को नशा मुक्त रहने का दिया संदेश
ऐलनाबाद ,सिरसा 25 अक्टूबर ,( डॉ एम पी भार्गव ) ;जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता के दिशा-निर्देशन में पुलिस शहीदी सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल सिरसा में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य शहीद पुलिस कर्मियों की शौर्यगाथा को याद करते हुए युवाओं में देशभक्ति, खेल भावना और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी सजीव बल्हारा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह, वेलफेयर ब्रांच से महिला इंस्पेक्टर सीमा देवी तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
दौड़ प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियां दोनों वर्गों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरी लगन और उत्साह के साथ भाग लिया। परिणाम इस प्रकार रहे —
लड़कियों के वर्ग में पहला स्थान दीपाली, दूसरा स्थान मयंक तथा तीसरा स्थान लवली ने प्राप्त किया।
वहीं लड़कों के वर्ग में पहला स्थान सोमनाथ, दूसरा स्थान आकाश और तीसरा स्थान गोल्डी ने हासिल किया।
विजेता प्रतिभागियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीएसपी सजींव बल्हारा ने कहा कि पुलिस शहीदी सप्ताह शौर्य और बलिदान की वह गाथा है, जिसे हर नागरिक को याद रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि खेलकूद से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि यह जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास भी पैदा करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा में आगे बढ़ना चाहिए।
महिला इंस्पेक्टर सीमा देवी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और कहा कि नशा जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने साथ-साथ अपने दोस्तों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें।
ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने छात्रों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी और कहा कि सड़क सुरक्षा भी समाज सेवा का एक रूप है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक बनना ही देश की सच्ची सेवा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता के मार्गदर्शन में शहीदी सप्ताह के दौरान जिलेभर में खेल, सांस्कृतिक व सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। सिरसा पुलिस द्वारा आयोजित यह दौड़ प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करती है, बल्कि समाज में नशा मुक्त और अनुशासित जीवन शैली का संदेश भी देती है। सिरसा पुलिस का यह प्रयास युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने और समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
