लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड में शनिवार को प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं, लंबित मामलों तथा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। विभागीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से एसडीएम को अवगत कराया। इस पर एसडीएम ने त्वरित समाधान एवं प्रभावी निष्पादन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के दौरान संतोषजनक प्रगति सामने आई। इस पर एसडीएम ने संबंधित पदाधिकारियों की सराहना की और कार्य की गति बनाए रखने का निर्देश दिया।
वहीं, बिना पूर्व सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील की गई, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
