लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने की।बैठक की शुरुआत में प्रखंड प्रमुख एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा एसडीएम का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित मामलों तथा विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान कई जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कुछ प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि नल-जल योजना कई जगहों पर बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसी ने खेल मैदान में बिजली व्यवस्था नहीं होने की समस्या रखी, तो कई ने सरकारी भूमि एवं सड़कों पर अतिक्रमण का मामला उठाया।बैठक में खाद की कमी और उसकी कथित कालाबाजारी को लेकर भी आवाज उठी। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत एसडीएम के समक्ष रखी। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
कुछ प्रतिनिधियों ने गांव में आंगनबाड़ी केंद्र को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा नए प्राथमिक विद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा। एसडीएम ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। अंत में एसडीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
