- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार
सोनभद्र (दुद्धी)। राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में आयोजित क्षेत्रीय क्रीड़ा रैली एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 (पूर्वांचल जोन) का मंगलवार को बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। दो दिवसीय इस क्रीड़ा समारोह में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए दर्जनों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र कमलेश यादव रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों को खेलकूद में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उपकनिष्ठ बालिका वर्ग में संध्या ने 100 मीटर, 200 मीटर और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, कनिष्ठ बालिका वर्ग में अंजनी ने 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में विजय प्राप्त की। कनिष्ठ बालक वर्ग में प्रेम कुमार ने 800 मीटर और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के अंकित ने 800 मीटर, 1500 मीटर और 500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन का खिताब जीता।
ओवरऑल चैंपियनशिप में सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी ने 44 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी ने 42 अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी ने 35 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य आयोजक राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रधानाचार्य तथा संयोजक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की प्रधानाचार्या डॉ. रितिका श्रीवास्तव रहीं। कार्यक्रम का संचालन अमर सिंह ने किया। इस अवसर पर लाल मोहम्मद, अम्बर गोंड, राकेश कन्नौजिया, धनंजय, अजय कुमार सिंह, ऋषिकेश पाठक, फैजान, शेख मोहम्मद, हाशिम, अभिजीत त्रिपाठी, वर्षा, अर्चना, राधा, समायरा खान, आरती, मंजू लता, पुष्पादेवी, महिमा, प्रीति, सोनी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
