रवींद्र जडेजा की तलवारबाजी सेलिब्रेशन ने बढ़ाया जोश, गिल के साथ की शतकीय साझेदारी से भारत मजबूत स्थिति में

एजबेस्टन: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे एजबेस्टन टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपने फैंस को एक बार फिर खास अंदाज में जश्न मनाने का मौका दिया। पहले दिन 41 रन बनाकर नाबाद लौटे जडेजा ने दूसरे दिन की शुरुआत में अपनी फिफ्टी पूरी की और अपने मशहूर ‘तलवारबाजी सेलिब्रेशन’ से मैदान में जोश भर दिया।

क्रिस वोक्स की गेंद पर सिंगल लेकर जडेजा ने 80 गेंदों में अपना 23वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनका सातवां टेस्ट फिफ्टी रहा। फिफ्टी पूरी करते ही उन्होंने बल्ले से तलवार घुमाकर अपना ट्रेडमार्क अंदाज दोहराया।

इससे पहले भारत ने टॉस हारकर बल्लेबाजी शुरू की थी और पहले दिन 211 रन पर 5 विकेट गंवा चुका था। उस समय शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी ली। जडेजा ने कप्तान गिल के साथ छठे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की और टीम को संकट से उबारा।

दूसरे दिन के पहले सेशन में यह साझेदारी 150 रनों के पार पहुंच गई, जिससे टीम इंडिया मजबूत स्थिति में आ गई।

गिल का रिकॉर्डतोड़ शतक
कप्तान शुभमन गिल ने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक जड़ा। यह उनके करियर का सातवां टेस्ट शतक रहा। इसके साथ ही वे गावस्कर, विजय हजारे और विराट कोहली के बाद बतौर कप्तान शुरुआती दो टेस्ट में शतक लगाने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए। साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में लगातार तीन शतक जड़ने वाले वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं।

जडेजा और गिल की इस शानदार साझेदारी से टीम इंडिया एजबेस्टन टेस्ट में अब तक की सबसे मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। दोनों खिलाड़ियों का संयम और आक्रामकता भारतीय फैंस के लिए उम्मीद की किरण बन गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.