“बदायूं में रावण दहन: गांधी ग्राउंड में धूमधाम से मना दशहरा पर्व”

बदायूं। बदायूं जिले में विजयदशमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांधी ग्राउंड रामलीला मैदान पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के इस ऐतिहासिक पर्व का साक्षी बनकर उत्सव का आनंद लिया।

रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, एसडीएम मोहित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि यह पर्व हमें सदैव सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रावण दहन के दौरान आसमान पटाखों और आतिशबाजी से गूंज उठा, वहीं उपस्थित जनसैलाब ने जय श्रीराम के नारों से पूरा मैदान भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जनपदवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और यह संकल्प लिया कि बुराई पर अच्छाई की यह परंपरा सदैव समाज को मार्गदर्शन देती रहेगी।

‘ममता सेवी संस्था’ की तरफ से बदायूं नगर के समस्त नगरवासियों को नवरात्र व विजयदशमी पर्व और ककोड़ा मेला की हार्दिक शुभकामनाएं

Leave A Reply

Your email address will not be published.