Rampur: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की महिला जनसुनवाई, योजनाओं का प्रचार कर पात्रों को लाभ दिलाने के निर्देश

रामपुर, 26 जून 2025। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता सैनी ने आज विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों व थाना प्रभारियों से दूरभाष पर वार्ता कर मामलों की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मा. सदस्य ने कहा कि राज्य सरकार और महिला आयोग की मंशा है कि महिला उत्पीड़न की प्रभावी रोकथाम हो और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी महिला उत्पीड़न की घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कर कार्यवाही की जाए।

जनसुनवाई में कुल 9 पीड़ित महिलाओं ने आवेदन देकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें वृद्धा पेंशन, भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, आवास समस्या और तीन तलाक से संबंधित मामले प्रमुख रहे।

श्रीमती सैनी ने विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण स्तर तक हो, ताकि वास्तविक पात्रों को इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री दिग्विजय नाथ तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जितेन्द्र जायसवाल, समाज कल्याण अधिकारी सुश्री सूरज कुमारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री प्रतिभा पाल, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.