रामपुर। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के साथ थाना शहजादनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयों की कार्य प्रणाली तथा साफ-सफाई का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, भोजनालय, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष सहित सभी कार्यालय कक्षों का निरीक्षण किया। अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, फ्लाई शीट आदि अभिलेखों की जांच कर उनकी प्रविष्टियों एवं रखरखाव की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसके अलावा थाना परिसर में बने मिशन शक्ति केंद्र एवं साईबर सेल का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं की सुरक्षा, पीड़ितों की त्वरित सहायता और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं तत्पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी तथा जनसंपर्क मजबूत करने पर जोर दिया।
