रामपुर के स्कूल में प्रिंसिपल पर बच्चों से बदसलूकी का आरोप, परिजनों ने की पिटाई, वीडियो वायरल

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर (यूपी)

रामपुर जिले के भोट थाना क्षेत्र के गांव खूंटा खेड़ा स्थित सेंट फ्रांसीसी स्कूल में तैनात प्रिंसिपल पर बच्चों के साथ कथित बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और उत्तेजित लोगों ने स्कूल परिसर में ही प्रिंसिपल की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल जोसेफ पर आरोप है कि वह 8 से 10 साल के बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करते थे। जब इस बात की जानकारी बच्चों के परिजनों को हुई तो वे बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ विरोध जताया। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उत्तेजित होकर प्रिंसिपल के गाल और सिर पर थप्पड़ मार दिए।

घटना के बाद परिजनों ने भोट थाने में प्रिंसिपल के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि थाना भोट क्षेत्र के एक विद्यालय से कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे, जिसमें प्रधानाचार्य पर बच्चों के साथ अनुचित कृत्य करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और प्रधानाचार्य को अभिरक्षा में लेकर जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.