सेफ फ्यूचर अभियान-2 के अंतर्गत 2 स्कूली वाहन सीज, 6 का चालान, ओवरलोड वाहनों की चेकिंग में 12 डंपर सीज

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेफ फ्यूचर अभियान 2 के अंतर्गत जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान 11 से 25 अगस्त, 2026 तक चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान कुल 10 स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए यात्री कर अधिकारी होरीलाल वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान 2 विद्यालयों के वाहनों का परमिट, फिटनेस आदि समाप्त पाए जाने पर उनको सीज किया गया और इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने पर 6 वाहनों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि देर रात्रि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार श्रीवास्तव के साथ ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान 12 ओवरलोड डंपरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुये सीज किया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों, वैध अभिलेखों एवं परिवहन नियमों का पूर्णतः पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और वाहन संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को स्कूल वाहन से भेजने से पहले इन छह बिंदुओं की अवश्य जांच करें एवं इसकी जानकारी अपने पास रखें-

  • वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो।
  • बस में फर्स्ट एड (मेडिकल) बॉक्स उपलब्ध हो।
  • बस में कार्यशील अग्निशमन यंत्र कियाशील रूप में लगा हो।
  • वाहन का वैध फिटनेस प्रमाणपत्र हो।
  • वाहन का वैध बीमा हो।

स्कूल बस पर विद्यालय का नाम एवं संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हो, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि अभिभावकों की जागरूकता बच्चों की सुरक्षा की सबसे मजबूत कड़ी है। यदि किसी स्कूल वाहन में इन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल एआरटीओ व अन्य परिवहन विभाग के अधिकारी को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वर्मा ने बताया कि ओवरलोड वाहनों और स्कूल वाहनों के विरूद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.