रामपुर रज़ा पुस्तकालय में “एक देश, एक धड़कन” थीम पर वीर सैनिकों को समर्पित प्रदर्शनी ‘आज़ादी की चिंगारी’ का आयोजन
बलदेव सिंह औलख और डॉ. पुष्कर मिश्र ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
रामपुर। रामपुर स्थित रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय में “एक देश, एक धड़कन” थीम पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी ‘आज़ादी की चिंगारी’ का आयोजन किया गया, जो भारत माता के वीर सैनिकों के सम्मान में समर्पित है। इस प्रेरणादायक प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और पुस्तकालय के निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र ने संयुक्त रूप से किया।
वीर जवानों को किया गया नमन, बलिदान को बताया अमर प्रेरणा
इस अवसर पर मंत्री बलदेव सिंह औलख ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के सैनिकों ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और देशभक्ति से यह सिद्ध किया है कि भारत माता की रक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों के पराक्रम और बलिदान की गाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
“एक देश, एक धड़कन” थीम से भारत की एकता का संदेश
निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘एक देश, एक धड़कन’ अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य देश की धार्मिक, सांस्कृतिक और भाषाई विविधताओं के बावजूद भारत की एकता को प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा कि देश ने संकट की घड़ी में यह साबित कर दिया कि भारत मजहब, भाषा, जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर एकजुट खड़ा हो सकता है।
भारतीय सेना को दी श्रद्धांजलि, देश की एकजुटता को बताया आत्मबल का आधार
डॉ. मिश्र ने कहा कि जिन कायरों ने मजहब के नाम पर गोली चलाई, उन्हें भारतीय सेना ने उनके बिलों में दफना दिया। उन्होंने कहा कि भारत का आत्मविश्वास उसकी एकता से आता है, और यही भावना इस कार्यक्रम के नारे “एक देश, एक धड़कन” में स्पष्ट झलकती है। चाहे कश्मीर हो या कन्याकुमारी, भारत का दिल एक साथ धड़कता है।
प्रदर्शनी 15 मई से 25 मई 2025 तक खुली रहेगी
डॉ. पुष्कर मिश्र ने जानकारी दी कि “एक देश, एक धड़कन” थीम पर आधारित ऐसे कई कार्यक्रम सप्ताह भर तक आयोजित किए जाएंगे।
प्रदर्शनी 15 मई से 25 मई 2025 तक आमजन के लिए रामपुर रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएगी।
