रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी करने वाले सगे भाइयों को भेजा गया जेल, 6–7 लाख रुपये का सामान बरामद

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर की थाना सिविल लाइंस पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 6 से 7 लाख रुपये की कीमत का सामान बरामद करते हुए सगे छोटे-बड़े दो भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को बधाई दी है।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में लगभग 10 से 15 लिखित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम टीम और सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद शहर के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में एक छोटा भाई इंटरमीडिएट पास है, जबकि बड़ा भाई ग्रेजुएट बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तफा पुत्र मुस्सावर खान और साइन पुत्र मुस्सावर खान, निवासी घेर दरिया खान, नगर पालिका के पीछे, थाना कोतवाली नगर, रामपुर के रूप में हुई है।

एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर आईफोन 17 प्रो और आईफोन 15 प्रो जैसे महंगे मोबाइल बेहद कम कीमत, करीब 5 हजार रुपये में बेचने के विज्ञापन डालते थे। एआई तकनीक का इस्तेमाल कर वे लोगों को विश्वास में लेते और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजॉन के नाम पर फर्जी डिलीवरी का झांसा देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन आईफोन, एक लैपटॉप, एक एप्पल चेकबुक, एक अन्य चेकबुक, एक पासबुक, एक एटीएम कार्ड, एक सिम कार्ड और 784 यूनिट क्रिप्टो करेंसी बरामद की है, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह आशंका जताई जा रही है कि इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी सामने आ सकते हैं। रामपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में महंगे सामान के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.