श्रावण के तीसरे सोमवार पर रामपुर पुलिस सतर्क — अपर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न शिव मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रामपुर, 28 जुलाई 2025: पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर श्रद्धालुओं और कावड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा जिले के प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिव मंदिर पंजाबनगर, थाना सिविल लाइन:
अपर पुलिस अधीक्षक ने आज सुबह थाना सिविल लाइन क्षेत्रान्तर्गत स्थित शिव मंदिर पंजाबनगर पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर भी मौजूद रहे। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संभावित आपात परिस्थितियों के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
शिव मंदिर रठौड़ा, थाना मिलक:
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना मिलक क्षेत्र के शिव मंदिर रठौड़ा का भी दौरा किया। कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी मिलक मौके पर मौजूद रहे और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
शिव मंदिर भमरव्वा, थाना सिविल लाइन:
इसके अतिरिक्त थाना सिविल लाइन क्षेत्रान्तर्गत शिव मंदिर भमरव्वा में भी सुरक्षा प्रबंधन का जायजा लिया गया। प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाइन मय पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में तैनात रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को अलर्ट मोड में रहने और श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए।
अमरनाथ यात्रियों को रवाना किया:
इससे एक दिन पूर्व, 27 जुलाई 2025 को पुलिस अधीक्षक, रामपुर ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ थाना सिविल लाइन अंतर्गत ज्वालानगर से अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु जत्थे को फूलमाला पहनाकर विदा किया और उनके सुरक्षित व सफल यात्रा की कामना की।
रामपुर पुलिस प्रशासन द्वारा श्रावण मास के दौरान लगातार मंदिरों में गश्त, निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
