रामपुर। विगत कुछ दिनों से जनपद रामपुर में आसमान में ड्रोन उड़ते देखे जाने की सूचनाएं लगातार स्थानीय नागरिकों व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से प्राप्त हो रही हैं। इन खबरों से जनमानस में भ्रम और भय का माहौल बन गया है। हालांकि, अब तक की जांच और जानकारी के अनुसार जनपद में किसी भी असामान्य ड्रोन गतिविधि की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है।
जनपद पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। आज दिनांक 31 जुलाई 2025 को रामपुर जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा 118 गांवों में भ्रमण कर कुल 5198 नागरिकों को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ गोष्ठियाँ आयोजित कर उन्हें समझाया गया कि ऐसी स्थिति में क्या करें और क्या न करें।
ऐसी घटनाओं के पीछे हो सकती हैं ये संभावनाएं
कई बार खिलौना हेलिकॉप्टर या बच्चों द्वारा उड़ाए गए चमकदार उपकरणों को ड्रोन समझ लिया जाता है।
ऊँचाई पर उड़ते विमानों की लाइटें भी अक्सर भ्रम पैदा करती हैं।
कभी-कभी कोई एक व्यक्ति “ड्रोन देखा गया” कह देता है, और यह बात बिना पुष्टि के पूरे क्षेत्र में अफवाह बनकर फैल जाती है।
जनता को सलाह – क्या करें ?
✔️ अफवाहें न फैलाएं और बिना पुष्टि के कोई सूचना साझा न करें।
✔️ कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत स्थानीय थाना या 112 नंबर पर सूचित करें।
✔️ ड्रोन की दिशा, उड़ान का पैटर्न नोट करें – यह जानकारी पुलिस को सहयोग दे सकती है।
✔️ सतर्क और सजग रहें – सुरक्षित रहें।
क्या न करें ?
❌ बिना सच्चाई जाने किसी भी खबर को साझा न करें।
❌ पुरानी घटनाओं को वर्तमान बताकर पोस्ट न करें।
❌ सोशल मीडिया पर वायरल होने के उद्देश्य से भ्रामक खबरें न फैलाएं।
❌ खुद से कोई कार्यवाही न करें – संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
ड्रोन धारकों के लिए महत्वपूर्ण नियम:
🔸 ड्रोन नियमावली 2021 के अनुसार कोई भी ऐसा संचालन जो व्यक्ति या संपत्ति के लिए खतरा हो, कठोर रूप से वर्जित है।
🔸 250 ग्राम से अधिक वजन वाले सभी ड्रोन का डिजिटल स्काई प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य है।
🔸 नियमों का उल्लंघन करने पर ₹1 लाख तक जुर्माना और भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
रामपुर पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है कि अफवाहों से बचें, जिम्मेदारी के साथ सूचना साझा करें और समाज में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
