नगर पालिका परिषद रामपुर के खिलाफ व्यापार मंडल की बैठक, हाउस टैक्स और वाटर टैक्स वृद्धि पर नारेबाजी

रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कार्यालय तिलक नगर कॉलोनी में रविवार को संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद रामपुर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक नगर पालिका परिषद द्वारा हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में लगभग 50 गुना वृद्धि कर दी गई है। इसके साथ ही अंधाधुंध नोटिस जारी कर जनता और व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल लगातार इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहा है, लेकिन नगर पालिका परिषद की मनमानी जारी है।

संदीप अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका सीमा के अंतर्गत आने वाले उद्योगों और लघु उद्योगों पर भी भारी-भरकम टैक्स वसूले जाने की तैयारी की जा रही है। जबकि रामपुर शहर आर्थिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ है और रोजगार के अभाव में यहां की लगभग 40% आबादी दूसरे प्रदेशों व देशों की ओर पलायन कर चुकी है। टैक्स में 50 गुना बढ़ोतरी से पूरे शहर में हाहाकार मचा हुआ है और जनता दहशत में है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गाजियाबाद नगर निगम की बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से टैक्स बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया, जबकि रामपुर में जनता की तकलीफों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

बैठक में जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, नगर अध्यक्ष महफूज हुसैन, युवा नगर अध्यक्ष पुलकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेश अग्रवाल, लघु प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिलशाद हुसैन, प्रदेश सचिव दिनेश कुमार रस्तोगी (दिन्ने भाई), मैराज हुसैन, शाहिद खुसरो, शाहिद भाई, गोपाल शर्मा, कन्हैया लाल पटवा, विजय सैनी, युसूफ अली, मनजीत सिंह सिंपल, सरदार सतपाल टीटू, हंसराज अरोरा, नवाब युसूफ अली, विशाल सैनी सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.