रामपुर। सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने आज अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएँ सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान मुर्गा व अंडा व्यापारियों ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर अपनी दुकानों के बंद होने की समस्या रखी।
व्यापारी मोहम्मद जिकरान रज़ा ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा उनकी दुकानों को बंद कर दिया गया है, जिससे वे लंबे समय से परेशान हैं। कारोबार बंद होने के कारण परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयाँ आ रही हैं।
सांसद नदवी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही जिलाधिकारी से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान कराएंगे। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में मुर्गों में बीमारी है, केवल उसी क्षेत्र को 10 किलोमीटर तक बंद किया जाएगा, जबकि बाकी क्षेत्रों में दुकानें खुलवाने के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।
जनता दरबार के बाद सांसद नदवी ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम राजा नगर में हाजी साबिर अली के निधन पर उनके घर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त की और मरहूम की मगफिरत की दुआ की। वहीं ग्राम समोदिया में हाल ही में हुए सड़क हादसे में मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
