रामपुर: पटवाई पुलिस का झूठा खेल आया सामने, थाने में युवक ने की आत्महत्या की कोशिश

रामपुर। जिले के पटवाई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाने के अंदर एक युवक ने धारदार हथियार से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद पटवाई पुलिस इस पूरे मामले को छिपाती रही और यहां तक कि घटना से ही इनकार कर दिया।

लेकिन जब घायल युवक की पब्लिक द्वारा खींची गई तस्वीरें सामने आईं, तो पुलिस की पोल खुल गई। तस्वीरों में युवक के गले पर गंभीर चोटें साफ नजर आ रही हैं।

मामले को लेकर जब मीडिया और आमजन में हड़कंप मचा, तो पुलिस महकमा हरकत में आया। रामपुर के पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फिलहाल यह सवाल उठ रहा है कि आखिर थाने के भीतर एक युवक के पास धारदार हथियार कैसे पहुंचा? और पुलिस ने मामले को छिपाने की कोशिश क्यों की?

जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी, लेकिन इस घटना ने रामपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.