रामपुर: डीएम ने किया छपर्रा झील व नईया नदी पुनरुद्धार कार्यों का निरीक्षण, जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
रामपुर – जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के साथ मंगलवार को तहसील स्वार क्षेत्र अंतर्गत छपर्रा झील एवं ग्राम हसनपुर उत्तरी स्थित नईया नदी के पुनरुद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जल संरक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा हेतु किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी स्वार द्वारा करीब 400 मीटर लंबी छपर्रा झील का पुनरुद्धार कराया गया है। कभी स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जे में रही इस झील को अभियान चलाकर कब्जा मुक्त कराया गया। अब इसका उपयोग जल संचयन में किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय किसानों को सिंचाई में लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकासखंड क्षेत्र की अन्य झीलों और नदियों का भी पुराना स्वरूप बहाल किया जाए तथा आरक्षित जल क्षेत्र की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम हसनपुर उत्तरी में स्थित लगभग 14 किलोमीटर लंबी नईया नदी का भी जायजा लिया, जो उत्तराखंड से होकर जिले में प्रवेश करती है। नदी क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाकर खुदाई का कार्य शुरू करा दिया गया है। साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत नदी तक पहुंच मार्ग को बेहतर बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने इन प्रयासों को जिले के जल संसाधनों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया और अधिकारियों को अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
