30 मार्च से शुरू होगा ‘रामपुर कप’, प्रदेशभर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 10 टीमें करेंगी मुकाबला

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर : रामपुर के भारत गार्डन में आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी 30 मार्च से शुरू होने वाले ‘रामपुर कप’ क्रिकेट टूर्नामेंट की घोषणा की गई। यह टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान हुसैन ने बताया कि यह टूर्नामेंट रामपुर की जनता और खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। इसमें कुल 10 टीमें भाग लेंगी और प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सभी नियमों के तहत आयोजित की जाएगी।

टूर्नामेंट संयोजक नितिन कुमार और आलम ने बताया कि यह एक प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता है, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया गया है। चयनित खिलाड़ियों को ऑक्शन प्रक्रिया के जरिए अलग-अलग टीमों में शामिल किया गया है।

टूर्नामेंट कार्य समिति के सदस्य नावेद ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 30 मार्च को बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, राज्यसभा सदस्य और डी.एस. चौहान (सेवानिवृत्त आईपीएस), पूर्व डीजीपी एवं निदेशक उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के हाथों किया जाएगा।

टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 10 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में रामपुर किंग्स, रामपुर एवेंजर्स, रामपुर टाइटंस, रामपुर चैलेंजर्स और रामपुर स्ट्राइकर्स शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में रामपुर वॉरियर्स, रामपुर ब्लास्टर्स, रामपुर मेवरिक्स, रामपुर ग्लेडिएटर्स और रामपुर रॉयल्स टीमें शामिल हैं।

इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अथर अली, अंबर वशिष्ठ, टीम मालिकों सहित एसोसिएशन के कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.