Rampur Update: रामपुर में दूध डेयरी की दुकान में दिनदहाड़े चोरी, सिलेंडर लेकर रिक्शे से फरार हुआ चोर

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

Rampur: थाना गंज क्षेत्र के गुय्या तालाब स्थित एक दूध डेयरी की दुकान में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। दुकानदार के दुकान से बाहर जाने के दौरान एक चोर अंदर घुसा और गैस सिलेंडर समेत कुछ नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोरी करने के बाद आरोपी दुकान से गैस सिलेंडर लेकर बाहर निकला और उसे सड़क किनारे रख दिया। इसके बाद उसने एक रिक्शा रोका और सिलेंडर रिक्शे में रखकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

  • पुलिस लाइन में एसपी ने परेड का निरीक्षण किया, कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं

रामपुर में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह सिसोदिया ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्थित भोजनालय, रीडिंग रूम (लाइब्रेरी), कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, म्यूजियम, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय और परिवहन शाखा समेत विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ओआर (Orderly Room) का आयोजन किया, जिसमें पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और सेवा संबंधी समस्याओं, प्रार्थना-पत्रों तथा लंबित प्रकरणों की सुनवाई की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का नियमानुसार और शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

  • एएसपी ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की शिकायतें

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को सुना। प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

  • नोएडा में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना पर ACP निलंबित

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की कथित अवहेलना के मामले में नोएडा पुलिस के एसीपी डॉ. रवि शंकर मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सर्वोच्च अदालत की कड़ी टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। डॉ. रवि शंकर मिश्रा इससे पहले मुजफ्फरनगर में सीओ सदर के पद पर तैनात रह चुके हैं।

  • उत्तर प्रदेश में पांच आईएएस अफसरों के तबादले

उत्तर प्रदेश सरकार ने पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। राजेश कुमार पांडेय को बहराइच का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि समीर को जालौन का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा बी. सूदन को झांसी का नगर आयुक्त, पंकज वर्मा को बाराबंकी का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा एमडी यूपीडेस्को की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.