रामपुर, 23 अप्रैल — शहर के अजीतपुर ज्वालानगर इलाके में खुले नालों की वजह से आए दिन गायों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता बढ़ती जा रही है। इन घटनाओं के बीच एनिमल केयर फाउंडेशन की टीम ने बीते दो दिनों में दो गायों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू टीम में सिंटू स्नेक सेवर, हिमांशु राजपूत, निशांत गुप्ता, और एनिमल केयर फाउंडेशन के अध्यक्ष पिंटू के साथ-साथ आलोक अवस्थी और सोनू भी शामिल रहे। इनके प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
इस अभियान में युवा कल्याण सेवा समिति से भी सहयोग मिला। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन गर्ग, जिला अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना और जिला उपाध्यक्ष प्रशांत गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे और टीम का उत्साहवर्धन किया।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संस्थाओं ने नगर पालिका से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देते हुए नालों को ढकवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
