रामपुर : नेशनल हेराल्ड मामले में कोर्ट के फैसले से मोदी सरकार की साजिश बेनकाब, युवा कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन
रामपुर। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर मोदी सरकार द्वारा कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ रची गई कथित साजिश पर अदालत के फैसले के बाद राजनीति गरमा गई है। इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस जिला रामपुर की ओर से मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काजी गली से भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें बाजार नसरुल्ला खां चौराहे पर रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं पर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़ो”, “जो सरकार निकम्मी है वह सरकार बदलनी है” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अरसलान खान एडवोकेट ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पिछले दस वर्षों से मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और दुर्भावना के तहत ईडी के जरिए साजिश रच रही थी, जिसका अब भांडा फूट चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह से बेनकाब हो गई है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी हमेशा मुद्दों की राजनीति करते हैं और देश की वास्तविक समस्याओं से सरोकार रखते हैं। वे ईमानदारी के साथ राजनीति करते हैं, भाजपा की तरह ओछी राजनीति नहीं करते। अदालत द्वारा उन्हें ससम्मान बरी किया जाना सत्य की जीत है। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद करते हुए कहा कि कोर्ट ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुहम्मद आरिफ अलवी ने कहा कि झूठ कितना भी जोर लगा ले, जीत हमेशा सत्य की ही होती है। सत्य कभी विचलित हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न कभी प्रतिशोध की राजनीति की पक्षधर रही है और न ही है। पार्टी केवल जन समस्याओं को लेकर आवाज उठाती है, चाहे वह बेरोजगारी हो, महिला सुरक्षा, किसानों की समस्याएं हों या दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों का सवाल।
आरिफ अलवी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड का मामला शुरू से ही कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व को बदनाम करने की साजिश था, जिसका आज पर्दाफाश हो गया है।
इस विरोध प्रदर्शन में हारून खान, यासिर शाह खान (नगर विधानसभा अध्यक्ष), आशू रस्तोगी, प्रदीप, फरीद खान, अरसलान अंजुम (जिला सचिव), यावर खान, फाजिल, अजीमुद्दीन, जुबैर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
